|
स्टेट हैंगर फिर बना सीएम का दफ्तर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज एक बार फिर स्टेट हैंगर पर जाकर जरूरी कामकाज निपटाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्टेट हैंगर पर कामकाज निपटाने का मोह बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे एकांत में कामकाज तन्मयता के साथ पूरा होना कारण बताया जा रहा है। सीएम अपनी यात्राओं के पहले और आने के बाद भी अपने एकांत ठिकाने पर जरूरी फाइलों का निपटारा करते हैं। आज आनन-फानन में मुख्यमंत्री ने अपने सचिव, प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों को फाइलों सहित स्टेट हैंगर तलब किया। इसके पहले आज सुबह मेल मुलाकातियों से भेंटकर अचानक लगभग 11 बजे स्टेट हैंगर पहुंचे, जहां उन्होंने अति महत्वपूर्ण फाइलों का निपटारा किया। उनके साथ उनके सचिव तथा मुख्य सचिव साथ थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाल ही में लगभग 3 बार स्टेट हैंगर पर कार्यालयीन कार्यों को अंजाम दिया है और स्टेट हैंगर उनका अस्थायी कार्यालय बनता जा रहा है। सीएम भोजनावकाश के बाद मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां वे क्षिप्रा-नर्मदा लिंक परियोजना के बारे में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, वहीं राजस्व संग्रह की अभी तक की स्थिति की जानकारी लेंगे।
|
|