|
डेक्कन को डिस्चार्ज करने उतरेगा राजस्थान

आईपीएल के पहले संस्करण की विजेता राजस्थान रॉयल्स की टीम इस बार ऐसे मोड़ पर फंसी है जहां उसे अपने बाकी दोनों मैचों में जीत के साथ दूसरी टीमों की हार की दुआ भी करनी होगी। इसी लक्ष्य के साथ रॉयल्स आज डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ उतरेंगे। इस सत्र में अभी तक केवल दिल्ली डेयरडेविल्स का ही प्लेऑफ में स्थान पक्का हुआ है। डेक्कन चार्जर्स और पुणे वारियर्स ही ऐसी टीम है जो टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी बाकी सभी टीमों में होड़ बरकरार है। ऐसे में राजस्थान को यदि प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे होड़ में शामिल अन्य टीमों की हार की दुआ करनी होगी। दोनों टीमों के बीच जयपुर में खेले गए पिछले मैच में चार्जर्स की टीम 196 रन का शानदार स्कोर बनाने के बावजूद हार गई थी। ऐसे में राजस्थान का मनोबल जरूर ऊंचा होगा लेकिन चूंकि डेक्कन अपने घरेलू मैदान पर खेलेगा ऐसे में वह अपने प्रशंसकों को जीत का तोहफा देना चाहेगा।
राजस्थान का पूरा दारोमदार कप्तान राहुल द्रविड़, अजिंक्य रहाणे, ओवेस शाह, शॉन टेट और ब्रैड हॉज पर होगा। डेक्कन के पास शिखर धवन, कुमार संगकारा, डेल स्टेन और कैमरून व्हाइट जैसे धुरंधर हैं जो किसी भी पल मैच का रुख मोड़ सकते हैं। हालांकि संगकारा इस सत्र में अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं।
|
|