|
शिवाजी नगर में घर में घुसकर लूटपाट

सड़कों पर लूट की वारदातों से आम शहरियों का जीना मुहाल तो बना हुआ ही है, अब घर में घुस कर लूट पाट की वारदातों ने परेशानी बढ़ा दी है। शिवाजी नगर के एक घर में आज सुबह एक बदमाश घुस गया। लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाश ने कमरों में झांक कर देखा। इसी दौरान जब एक महिला की नींद खुल गई तो बदमाश महिला के गले से चेन छीन कर भाग निकला। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
एमपी नगर स्थित ट्राइफेक में काम करने वाले मोहर सिंह कुशवाहा शिवाजी नगर के सरिता काम्प्लेक्स में ब्लाक क्रमांक 10 में रहते हैं। उनका घर इस ब्लाक के ग्राउंड फ्लोर पर ही है। श्री कुशवाहा साइकिलिंग राइडर एसोसिएशन के सदस्य हैं। वे रोजाना ही सुबह करीब चार बजे साइकिलिंग के लिए जाते है। इटावा निवासी उनकी बहन राजवती बाई (58) इन दिनों भोपाल आई हुई हैं। वे मुख्य द्वार के ठीक बाद आगे वाले कमरे में सोती हैं। रोजाना की तरह आज सुबह करीब चार बजे श्री कुशवाहा साइकिलिंग के लिए निकले थे। इस दौरान राजवती बाई बाहर के कमरे में सो रही थीं जबकि उनकी पत्नी पास वाले कमरे में ध्यान कर रही थीं। श्री कुशवाहा जाते-जाते दरवाजे की कुंंडी बाहर से लगा गए थे। उनके जाने के करीब पांच मिनट बाद ही एक बदमाश उनके घर में घुस गया। घर में दाखिल होने के बाद वह अंदर के कमरे में पहुंचा। वहां पर श्री कुशवाहा के बेटे-बेटी सो रहे थे। वहां से लौटकर वह वापस बाहर के कमरे में आ गया। इस कमरे के पलंग पर श्री कुशवाहा की बहन राजवती सो रहीं थी। बदमाश ने जैसे ही उनके मुंह से चादर हटाई वैसे ही वे जाग गईं।
उनके जागते ही बदमाश ने महिला के गले पर झपटा मारा तथा सोने की चेन छीनकर भाग निकला। चेन की कीमत करीब चालीस हजार रुपए बताई गई। श्री कुशवाहा के बेटे ने मोबाइल पर उन्हें सूचना दी। वे तुरंत वापस आए तथा पुलिस को इसकी सूचना दी।
|