|
आसानी से बढ़ा साइना का कारवां

एक के बाद एक भारतीय खिलाडिय़ों की मिल रही हार की खबरों के बीच पदक की दावेदार साइना नेहवाल ने वेंबले एरीना में अपने कारवां को आसानी से आगे बढ़ाया। उन्होंने स्विट्जरलैंड की सैबरीना जैक्वे को अपने सामने टिकने नहीं दिया। अब उनका अगला ग्रुप मुकाबला बेल्जियम की एल तान से होगा। वहीं, ज्वाला गट्टा और वी दीजू की जोड़ी मिश्रित युगल में एक और हार के साथ लंदन ओलंपिक से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई है।
साइना के मुकाबले से पहले ज्वाला और दीजू को डेनमार्क के थामस लैबर्न और कैमिला जूल के हाथों 21-12, 21-16 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन साइना ने इस हार के सिलसिले को तोड़ा। शुरुआत में लगा कि मुकाबला जोरदार होने जा रहा है। लेकिन अचानक कुछ गलतियों के बाद सैबरीना का रिद्म गड़बड़ा गया। वह एक के बाद एक अंक गंवाती चली गईं।
साइना ने आसानी से यह गेम 21-9 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में तो सैबरीना कहीं नजर नहीं आईं। उन्होंने इसे महज 21-4 से जीत लिया। हालांकि जीत के बाद साइना ने कहा कि सैबरीना अच्छी खिलाड़ी हैं। लेकिन आज वह अपने रिद्म में नहीं थीं। साथ ही उन्हें यह भी खुशी है कि उन्होंने लाइन जजमेंट में ज्यादा गलतियां नहीं कीं।
हालांकि कोच गोपी मैच से पहले कुछ चिंतित थे। मैच के दौरान उन्होंने उनसे कहा कि वह अटैकिंग खिलाड़ी है। उन्हें ज्यादा से ज्यादा रैली चलानी है। लेकिन सब कुछ अपने आप ठीक होता गया। पदक के बारे में उन्होंने कहा कि वह अभी इस बारे में नहीं सोचना चाहती हैं। वह सिर्फ यही कोशिश करेंगी की किसी तरह अपना 100 प्रतिशत दें। बाकी सब ऊपर वाले के हाथ में है। वहीं कोच गोपी का कहना है कि साइना को तान से खेलना है। लेकिन वह कभी उससे नहीं खेली है। हां इस जीत से साइना और उनका मनोबल ऊंचा हुआ है।
वेंबली एरीना के कोर्ट पर उस वक्त अप्रिय स्थिति पैदा हो गई जब ज्वाला गट्टा दूसरे गेम में 15-16 के स्कोर पर रेफरी से भिड़ गईं। दरअसल रेफरी ने डबल शॉट के लिए अंक ज्वाला के खिलाफ दे दिया। हालांकि उनके विरोधी ने भी ज्वाला के खिलाफ कुछ नहीं कहा था। इसी बात पर ज्वाला भड़कीं।
उन्होंने अंक उनके खिलाफ जाने का काफी विरोध किया। दो से तीन मिनट तक खेल रुका रहा। हालांकि कोच गोपीचंद का कहना है कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता लग सका। क्यों कि वह साइना को प्रैक्टिस करा रहे थे। जबकि ज्वाला ने मैच के बाद मीडिया से बात करने की जरूरत नहीं समझी।
|