|
अब तमन्ना और प्रिया मचाएंगी सनसनी

तमिल फिल्म 'वामनन' से चर्चा में आने वाली अभिनेत्री प्रिया आनंद बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी में जुटी हैं। पिछले कुछ समय से बॉलीवुड में दक्षिण की कई अभिनेत्रियों का आगमन हुआ है। ऐसी बहुत सी अभिनेत्रियां हैं, जो दक्षिण की फिल्मों को छोड़ बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं। प्रिया आन्नद का नाम भी इस सूची में शुमार हो गया है। वह फिल्म इंग्लिश विंग्लिश से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। इस फिल्म में श्रीदेवी की मुख्य भूमिका है। इसके अलावा प्रिया ने निर्माता वाशु भगनानी की तीन फिल्में भी साइन की हैं। प्रिया तमिल की हिट फिल्म नाडोडिगल के हिंदी रीमेक में भी काम कर रही हैं, जिसमें उनके साथ जैकी भगनानी हैं। इतना ही नहीं प्रिया, जैकी के ही साथ फालतू 2 में भी दिखेंगी। प्रिया ने तमिल फिल्म लीडर में राणा दग्गूबाती के साथ काम किया था। राणा ने ही वाशु को प्रिया के बारे में बताया था।
इसके अलावा यह भी सुनने में आया कि दक्षिण की ही प्रसिद्ध अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। वह अजय देवगन के साथ फिल्म हिम्मतवाला के रीमेक में काम करने जा रही हैं। इस फिल्म के निर्माता भी वाशु भगनानी ही हैं।
हम आपको बता दें कि तमन्ना भाटिया ने अपने फिल्मी क रियर की शुरुआत हिंदी फिल्म चांद सा रोशन चेहरा से की थी, लेकिन बॉलीवुड में कोई खास कमाल ना दिखा पाने के बाद तमन्ना ने दक्षिण की फिल्मों में अपना हाथ आजमाना शुरू कर दिया और वहां उन्हें वाकई सफलता मिली। पादिकथवान और अयान जैसी सफल फिल्में उन्होंने दीं। हिम्मतवाला के निर्देशक साजिद खान हैं और वह इस फिल्म में वही जादू चाहते है जो जितेंद्र और श्री देवी की फिल्म हिम्मतवाला में था। इसलिए जब अजय देवगन ने तमन्ना भाटिया का नाम सुझाया तो साजिद झट से तैयार हो गये और यह रोल तमन्ना की झोली में आ गिरा। कहा जा रहा कि इस फिल्म की शूटिंग की अगले महीने से शुरू होगी।
|
|