|
भारत भवन में पहली बार मप्र रंगोत्सव

कला केंद्र भारत भवन में पहली बार प्रदेश के रंगकर्मियों के लिए रंगोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 22 से 28 मई तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में प्रदेश के अग्रणी नाट्य निर्देशकों द्वारा तैयार नए नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा आगामी 12 से 14 मई तक युवा नामक परिचर्चा, कविता और कहानी पाठ तथा नाट्य प्रस्तुति पर केंद्रित तीन दिवसीय समारोह आयोजित हो रहा है।
मध्यप्रदेश रंगोत्सव का आयोजन भारत भवन के नाट्य प्रभाग रंगमंडल द्वारा आयोजित किया जा रहा है। उत्सव के पहले दिन 22 मई को आलोक चटर्जी निर्देशित नाटक जनशत्रु, 23 मई को मनोज मिश्र निर्देशित नाटक वेटिंग फार गोदो, 24 मई को अशोक बुलानी निर्देशित नाटक हनीमून, 25 मई को राजीव आयाचि का बुंदेली नाटक भोलाराम हिरा गव, 26 मई को संजय मेहता निर्देशित नाटक कबीर का संसार, 27 मई को राजेश भदौरिया निर्देशित नाटक लहरों का राजहंस और उत्सव के समापन अवसर पर 28 मई को वसंत काशीकर निर्देशित नाटक अर्जेन्ट मीटिंग का मंचन किया जाएगा। इन नाटकों में प्रवेश शुल्क 20 रूपए रखा गया है।
वहीं कविता केंद्र वागर्थ द्वारा आयोजित युवा समारोह का उद्घाटन 12 मई को शाम 7 बजे होगा। जिसमें वक्तव्य प्रख्यात साहित्यकार रमेशचंद्र शाह देंगे और स्वागत वक्तव्य में भारत भवन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी तरूण भटनागर कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत करेंगे। समारोह में कविता पाठ, परिचर्चा, कहानी पाठ तथा नाट्य प्रदर्शन में नाटक समाप्ति का मंचन होगा। नाटक की प्रस्तुति संभव नाट्य संस्था, दिल्ली के कलाकारों द्वारा देवेन्द्र राज अंकुर के निर्देशन में दी जाएगी।
|
|