|
टिकट पा चुके पहलवान जाएंगे अमेरिका

भारतीय कुश्ती महासंघ लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके पांच पहलवानों को एक महीने की ट्रेनिंग के लिए अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स भेजने पर विचार कर रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ के महासचिव राज सिंह ने कहा कि हम ओलंपिक टिकट हासिल कर चुके पहलवानों को एक महीने के प्रशिक्षण के लिए कोलोराडो स्प्रिंग्स भेजने पर विचार कर रहे हैं। हम फिर उन्हें ओलंपिक शुरू होने से पहले 15 दिनों के लिए बेलारस ले जाएंगे।
राज सिंह ने कहा कि हम इस संदर्भ में एक प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं और इसे स्वीकृति के लिए जल्द ही खेल मंत्रालय के पास भेजेंगे। हम चाहते हैं कि मई के अंतिम सप्ताह में पहले हरिराम इंडियन ग्रां प्री कुश्ती टूर्नामेंट की समाप्ति के तुरंत बाद अपने पहलवानों को अमेरिका भेजें। इस टूर्नामेंट से हमारे पहलवानों को ओलंपिक के लिए अच्छा एक्सपोजर मिलेगा।
भारत के पांच पहलवानों सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, अमित कुमार, नरसिंह यादव और गीता ने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। इनमें से तीन पहलवान सुशील, योगेश्वर और अमित द्रोणाचार्य अवार्डी महाबली सतपाल के शिष्य हैं और उनके छत्रसाल अखाड़े की देन हैं।
|
|