साउथ एशियन गेम्स: पहले दिन पदक तालिका में भारत No.1
By dsp On 7 Feb, 2016 At 09:00 AM | Categorized As खेल | With 0 Comments

 

 

गुवाहाटी: भारत ने दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती, तैराकी और भारोत्तोलन में अपना क्षेत्रीय दबदबा दिखाते हुए स्वर्ण पदकों का लगभग क्लीन स्वीप किया।

भारत पहले दिन 14 स्वर्ण और पांच रजत सहित कुल 19 पदक जीतकर शीर्ष पर चल रहा है। श्रीलंका ने कुल 21 पदक जीते हैं लेकिन वह सिर्फ चार स्वर्ण पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है।

 

Guwahati: The official mascot of 12th South Asian Games, 'Tikhor', a baby rhino, leading the Indian contingent in the march past at the opening ceremony at Indira Gandhi Athletics Stadium in Guwahati on Friday. PTI Photo (PTI2_5_2016_000265A)

Guwahati: The official mascot of 12th South Asian Games, ‘Tikhor’, a baby rhino, leading the Indian contingent in the march past at the opening ceremony at Indira Gandhi Athletics Stadium in Guwahati on Friday. PTI Photo (PTI2_5_2016_000265A)

भारत के लिए दिन के स्टार पहलवान रहे जिन्होंने पांच स्वर्ण पदक जीते जबकि तैराकों ने चार स्वर्ण और तीन रजत पर कब्जा जमाया। सुबह साइकिलिंग में दो स्वर्ण और इतने ही रजत के साथ भारत ने खाता खोला जिसके बाद भारोत्तोलकों ने भी तीन स्वर्ण पदक मेजबान देश की झोली में डाले। कुश्ती में भारत ने महिला वर्ग में तीन जबकि पुरूष वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते। रजनीश और रविंदर ने क्रमश: पुरुष 65 किग्रा और 57 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। महिला कुश्ती में प्रियंका सिंह ने 48 किग्रा, मनीषा ने 60 किग्रा और अर्चना तोमर ने 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।

भारत ने तैराकी स्पर्धा के पहले दिन श्रीलंका की कड़ी चुनौती से उबरते हुए तीन नये रिकार्ड के साथ चार स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते। संदीप सेजवाल (पुरुष 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक) और शिवानी कटारिया (महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल) के अलावा महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम ने भी खेलों का नया रिकार्ड बनाया। दामिनी गौड़ा ने महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में भारत के लिए दिन का चौथा स्वर्ण पदक जीता। सेजवाल ने अपनी पसंदीदा स्पर्धा को दो मिनट 20.66 सेकेंड में जीतकर दो मिनट 21.03 सेकेंड के अपने ही रिकार्ड में सुधार किया।

महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल में शिवानी ने सुबह हीट में दो मिनट 12.13 सेकेंड के समय के साथ नया रिकार्ड बनाया और फिर शाम को दो मिनट 8.68 सेकेंड के समय के साथ इसमें सुधार करते हुए स्वर्ण पदक जीता। दामिनी ने महिला 100 मीटर बटरफ्लाई में एक मिनट 4.92 सेकेंड के साथ भारत को तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया जबकि महिला चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने चार मिनट 1.95 सेकेंड के नये रिकार्ड के साथ सोने का तमगा जीता। भारत ने 2006 में कोलंबो में बनाए चार मिनट 8.72 सेकेंड के अपने ही रिकार्ड में सुधार किया।

आज आठ स्पर्धा में खेलों में छह नये रिकार्ड बने। श्रीलंका ने उम्मीद के मुताबिक भारत को कड़ी चुनौती देते हुए तीन स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीते। पाकिस्तान ने एक रजत जबकि बांग्लादेश ने डा. जाकिर हुसैन एक्वैटिक परिसर में चार कांस्य पदक जीते।

पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल में भारत के सौरभ सांगवेकर ने एक मिनट 53.03 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता जबकि पुरूष 100 मीटर बटरफ्लाई में भारत के सुप्रियो मंडल 55.86 सेकेंड के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। पुरुष चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल में भारत (तीन मिनट 30.78 सेकेंड) की रिले टीम ने श्रीलंका के बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता। श्रीलंका ने तीन मिनट 30.11 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

भारत ने भारोत्तोलन में भी शुरुआत दबदबा कायम करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। साइखोम मीराबाई चानू, हषर्दीप कौर और गुरूराजा ने स्वर्ण पदक हासिल किये।

चानू ने भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के लिये खाता खोला। राष्ट्रमंडल खेल 2014 की रजत पदकधारी इस भारोत्तोलक ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में 169 किग्रा (स्नैच में 79 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 90 किग्रा से अधिक) का वजन उठाया। सैग में पहली बार शामिल की गयी महिला भारोत्तोलन स्पर्धा में इस तरह उन्होंने अपने प्रयास से स्नैच, क्लीन एवं जर्क तथा कुल वजन में दक्षिण एशियाई खेलों का रिकार्ड बनाया।

भारत के लिये दूसरा स्वर्ण गुरूराजा ने जीता। उन्होंने पुरूष 56 किग्रा स्पर्धा में कुल 241 किग्रा (104 और 137 किग्रा) का वजन उठाया। तीसरा सोने का तमगा हषर्दीप कौर ने महिला 53 किग्रा वर्ग में हासिल किया। उन्होंने कुल 171 किग्रा (73 किग्रा और 98 किग्रा) का भार उठाया।

भारत के स्वर्णिम अभियान की शुरुआत साइकिलिस्टों ने की जिन्होंने दांव पर लगे दोनों स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए। भारत पुरूषों की 40 किलोमीटर व्यक्तिगत टाइम ट्रायल स्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर रहा जबकि महिलाओं की 30 किलोमीटर व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में भी मेजबान ने स्वर्ण और रजत जीते।

महिलाओं की 30 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में तोरांगम बिद्यालक्ष्मी ने 49 मिनट 24.573 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता जबकि मणिपुर की ही इलांगबाम चाओबा देवी दूसरे स्थान पर रही। पाकिस्तान की साहिबा बीबी को कांस्य पदक मिला।

पुरुषों की 40 किमी व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में अरविंद पवार 52 मिनट 28.800 सेकेंड का समय निकालकर अव्वल रहे। मनजीत सिंह को रजत पदक मिला जबकि श्रीलंका के जनाका हेमंता कुमारा को कांस्य पदक मिला।

उधर शिलांग में भारतीय तीरंदाजों ने व्यक्तिगत रिकर्व और कम्पाउंड वर्ग में चार स्वर्ण और चार रजत पदक पक्के कर लिये। सैग खेलों के गत चैम्पियन तरूणदीप राय और गुरूचरण बेसरा ने सुबह के सत्र में दुनिया की पूर्व नंबर एक महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी और बोम्बाल्या देवी लैशराम के साथ क्रमश: पुरूष और महिला वर्ग रिकर्व के फाइनल में जगह बना ली।

दोपहर के सत्र में अभिषेक वर्मा और रजत चौहान ने कम्पाउंड पुरुष वर्ग में जबकि पुर्वाशा शेंदे और ज्योति सुरेखा ने महिला वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। व्यक्तिगत कम्पाउंड और रिकर्व फाइनल में मुकाबला भारतीयों के बीच होगा जो क्रमश आठ और नौ फरवरी को होगा जिससे भारतीयों ने चार स्वर्ण और चार रजत पदक पक्के कर लिये।

भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने भी ग्रुप ए में मालदीव और बांग्लादेश को 3.0 के समान स्कोर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। के श्रीकांत ने मालदीव के मोहम्मद अजीफान रशीद को और अजय जयराम ने हुसैन जयान शाहिद जाकी को हराकर 2.0 की बढ़त दिलायी। मनु अत्री और सुमित रेड्डी की जोड़ी ने युगल में शाहिद जाकी और अजीफान को पराजित किया।

भारतीय टीम ने फिर बांग्लादेश को 3.0 को हराकर ग्रुप ए से सेमीफाइनल में जगह बनायी। एच एस प्रणय ने अयमान जमान और बी साई प्रणीत ने राइस उद्दीन को जबकि मनु-सुमित की जोड़ी ने अयमान और राइस की जोड़ी को हराया। टेबल टेनिस टीम में भी भारत की पुरूष और महिला वर्ग की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

 

comment closed

UA-38810844-1