
शिमला: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने कि बर्मा, अफ्रीका और कनाडा से दालों का आयात किया जाएगा और कीमतों पर अंकुश रखने के लिए जल्द ही बाजार में एक लाख टन दालें उपलब्ध कराई जाएंगी।सरकार दालों का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को भी प्रोत्साहित कर रही है।
जनता को मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने बिलासपुर आईं निर्मला सीतारमण ने आज संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने चीन से दूध और दुग्ध उत्पादों का आयात प्रतिबंधित करने का निर्णय किया है, लेकिन डब्ल्यूटीओ के तहत लगाई गईं शर्तों के चलते अन्य उत्पादों के आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ‘जब तक इस बात के प्रमाण न मिलें कि इन उत्पादों के आयात से नुकसान हो सकता है, चीन से आयात रोका नहीं जा सकता।’ फलों और सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर मंत्री ने कहा कि समस्या की मूल जड़ यह है कि कोई कृषि विपणन यार्ड नहीं हैं, उत्पादकों को उनके उत्पाद के लिए उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और ये उत्पाद उन इलाकों में नहीं पहुंच रहे हैं जहां इनकी अधिक मांग है।
मंत्री के मुताबिक, बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज की आधारशिला जल्द रखी जाएगी और प्रधानमंत्री इस विषय से अवगत हैं।उन्होंने कहा कि सरकार चुनावी वादों को पूरा करने के हर संभव प्रयास कर रही है और सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि राजग सरकार के इन दो सालों में कोई घोटाला नहीं हुआ।















comment closed