पाक के आतंकियों को मदद करने के मामले में दो व्यक्ति हिरासत में
नयी दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने विध्वंसक गतिविधियों के उद्देश्य से पाकिस्तान से कश्मीर में घुसपैठ करने वाले आतंकियों को कथित तौर पर मदद करने के मामले में गिरफ्तार दो व्यक्तियों को शनिवार को एक महीने के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जहूर अहमद पीर और नजीर अहमद पीर को जिला न्यायाधीश पूनम ए बंबा की अदालत में पेश किया, जिसने उन्हें जेल भेज दिया। इससे पहले एनआईए ने कहा कि उसे अब और पूछताछ नहीं करनी है।
एनआईए ने उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा अंतर्गत वहामा के रहने वाले दोनों आरोपियों को 19 सितंबर को जम्मू से गिरफ्तार किया था। उन्हें पिछले साल जुलाई में दर्ज किये गये एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।



