नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने शनिवार को 11 से 22 अक्टूबर 2017 तक ढाका में आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप के लिए 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान मनप्रीत सिंह को सौंपी गई है, जबकि एस.वी. सुनील को उपकप्तान बनाया गया है।
हाल के यूरोप दौरे पर कुछ शीर्ष जूनियर खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण तैयार किया है। गोलकीपर आकाश चिकते और सूरज करकरे को टीम में बरकरार रखा गया है। डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह और सुरेंद्र कुमार की टीम में वापसी हुई है। टीम में अनुभवी सरदार सिंह, एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह और सतबीर सिंह को शामिल किया गया है।
टीम के मुख्य कोच श्रीजोर्ड मारिजन ने कहा कि मैं टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं जो कि अनुभव और युवाओं का अच्छा मिश्रण है। आगामी हीरो एशिया कप 2017 में मेरा टीम के साथ पहला टूर्नामेंट होगा और मैं यह देखने के लिए काफी उत्साहित हूं कि टीम मैदान में कैसा प्रदर्शन करती है। मैंने पहले टीम को नीदरलैंड में प्रदर्शन करते देखा है और मुझे लगता है कि टीम के भीतर काफी ऊर्जा और प्रतिभा है। हम एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
भारत पूल ए में जापान, बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ है। भारतीय टीम का पहला मुकाबला 11 अक्टूबर को जापान से है। इसके बाद 13 अक्टूबर को भारत मेजबान बांग्लादेश से भिड़ेगा। अपने अंतिम लीग मैच में 15 अक्टूबर को भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा।
एशिया कप के लिए टीम इस प्रकार है-
गोलकीपर : आकाश चिकटे, सूरज करकरे।
डिफेंडर : दीपसान तिर्की, कोठाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार।
मिडफील्डर : एसके उथप्पा, सरदार सिंह, मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेन्साना सिंह, सुमित।
फॉरवर्ड : एस.वी.सुनील (उप-कप्तान), आकाशदीप सिंह, रमनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय,गुर्जंत सिंह और सतबीर सिंह।



