भोपाल। छोटे पर्दे पर प्रसारित हो रहे शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में प्रदेश के नेताओं से जुड़े सवाल लगातार पूछे जा रहे हैं। शुक्रवार रात को प्रसारित एपिसोड में लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की सांसद सुमित्रा महाजन के बारे में भी पूछा गया। कुछ दिनों पूर्व केबीसी के एक एपिसोड में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में भी पूछा गया था।
लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन को प्रदेश से लेकर दिल्ली तक बीजेपी के नेता ताई के नाम से संबोधित कर पुकारते हैं। केबीसी में शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को लेकर इसी से संबंधित एक सवाल पूछा गया। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने हॉट सीट पर बैठे प्रतियोगी से सवाल किया कि ताई के नाम से किस राजनेता को बुलाया जाता हैं। इस सवाल के जवाब के लिए मीनाक्षी लेखी, सुषमा स्वराज, सुमित्रा महाजन और ममता बनर्जी विकल्प दिए गए थे। इसमें तीसरे नंबर पर सुमित्रा महाजन का सही जवाब था। इस सवाल का जवाब देने में प्रतियोगी ने बिल्कुल देरी नहीं की और सुमित्रा महाजन को लॉक करने को कहा।
सवाल का सही जवाब देकर प्रतिभागी अगले पड़ाव पर पहुंच गया लेकिन इससे एक और बात साबित हो गई कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह से अपने को माम की छवि के तौर पर पेश किया है वैसे ही लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को इस नाम से अब सारा देश जानता है। इससे पहले सात सितम्बर को प्रसारित हुए शो के एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से संबंधित सवाल पूछा था, कि किस प्रदेश में मुख्यमंत्री को मामा के नाम से जाना जाता है।



