उमरिया। जिले के मानपुर जनपद के ग्राम महरोई में शनिवार को सुबह चार बजे एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के पास अंधा मोड़ है, जहां तेज रफ्तार बस का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस सीधी पल्टी खा गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया है और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती किया गया।
उमरिया जिले के थाना इंदवार के अमरपुर चौकी प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि घटना ग्राम महरोई की है, जहां शनिवार को अलसुबह करीब चार बजे बस (एमपी 18पी 5786) तीर्थ यात्रियों को लेकर बद्रीनारायण की यात्रा पर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम के अंधे मोड़ पर बस पलट गई। इस दौरान बस में कुल 17 लोग सवार थे, जिसमें से 16 घायल हो गए हैं।
सभी घायलों को कटनी जिले के बरही स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है, जिसमें से छह गंभीर घायलों को कटनी जिला अस्पताल रैफर किया गया है। घायलों में राजेंद्रग्राम, कुंडम, करंजिया और करपा के लोग शामिल हैं। बस का कंडक्टर और क्लीनर भी घायल है, जबकि चालक लखन फरार है। पुलिस को सूचना मिलते ही डायल 100 और 108 से बरही अस्पताल पहुंचाया गया। अमरपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।



