मुंबई। दीपिका पादुकोण की पहली हॉलीवुड फिल्म ‘ट्रिपल एक्स’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप रही हो, लेकिन उनका हौसला अभी भी नहीं टूटा है। खबर मिली है कि इस फिल्म की अगली कड़ी में भी दीपिका पादुकोण को कास्ट करने का फैसला हो गया है। ये फिल्म ट्रिपल सीरिज की चौथी कड़ी के तौर पर बनेगी।
फिल्म के निर्देशक डीजे क्रूसो ने सोशल मीडिया पर चौथी कड़ी में दीपिका के होने की पुष्टि कर दी है । दीपिका को इस फिल्म में काम करने के लिए काफी आलोचना का शिकार होना पड़ा था। उनका रोल कमजोर था और फिल्म में इसे बहुत अहमियत भी नहीं मिली थी। रुबी रोस और नीना डोब्रेव को भी चौथी कड़ी में कास्ट करने के संकेत मिले हैं। इसकी शूटिंग कब से शुरू होगी, इस बारे में अभी कोई खबर नहीं है।
दीपिका के बाद प्रियंका चोपड़ा की भी हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ भारत में फ्लॉप साबित हुई, इसके बाद भी प्रियंका चोपड़ा को ‘बेवॉच’ की अगली कड़ी के साथ दो और हॉलीवुड फिल्मों के प्रस्ताव मिलने की खबर है। हिन्दी फिल्मों में दीपिका ने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ की शूटिंग पूरी कर दी है और वे जल्दी ही विशाल भारद्वाज की नई फिल्म शुरू करने जा रही हैं, जिसमें वे ‘पीकू’ के बाद फिर से इरफान के साथ कास्ट हुई हैं।



