जम्मू। भारतीय सेना द्वारा नौशेरा में पाकिस्तान की चौकियां तबाह किए जाने के बाद सीमा पार से एलओसी पर हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान ने एलओसी पर पेट्रोलिंग तो बंद कर दी है, लेकिन अग्रिम पोस्टों पर जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके अलावा टैंक भी तैनात किए गए हैं।
सेना के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की हर हरकत पर भारतीय सेना द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। उपकरणों की मदद से पाकिस्तान सेना की तैयारियों को देखा जा सकता है। राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन द्वारा विकसित उपकरण भी एलओसी पर लगाए गए हैं।
पुलवामा के कई इलाकों में सुरक्षाबलों का गहन तलाशी अभियान
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों की तलाश में सेना द्वारा चलाया गया गहन तलाशी अभियान जारी है। इस ऑपरेशन में सेना के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल व जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवान भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि इस क्षेत्र में आतंकवादी छुपे हुए हैं। सुरक्षा बलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र के चप्पे-चप्पे की तलाश कर इन आतंकियों को ढूंढ़ निकाले। ज्ञात रहे कि पुलवामा में दो दिन पहले सेना द्वारा हक्कीपोरा इलाके को घेर कर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया था।



