भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है भारत को सांस्कृतिक एकता के सूत्र में पिरोने वाले आचार्य आदि शंकराचार्य की जयंती पूरे प्रदेश में एक मई को धूमधाम और भव्य रूप से मनायी जायेगी। इसके लिये ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर पर कार्यक्रम किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि आदि शंकराचार्य की अष्ट धातु की विशाल प्रतिमा ओंकारेश्वर में स्थापित की जायेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात मंगलवार को वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शंकराचार्य के जीवन दर्शन से लोगों को अवगत करवाने के लिये गरिमापूर्ण कार्यक्रम किये जाये। मुख्य कार्यक्रम भोपाल में होगा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा निर्माण के लिये घर-घर से धातु एकत्र की जायेगी। इससे प्रतिमा में सभी की भागीदारी रहे।
इस मौके पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, सहकारिता राज्यमंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव बी.पी. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में प्रमुख सचिव संस्कृति मनोज श्रीवास्तव को कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।



