भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंगलवार को राजधानी भोपाल स्थित मंत्रालय में न्यू डेव्लपमेंट बैंक के वाइस प्रेसीडेंट जियान झू के साथ बैठक हुयी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सडक़ों के प्रोजेक्ट में मदद देने के लिये श्री झू का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी मिलकर अधोसंरचना विकास के काम करेंगे। श्री झू ने मध्यप्रदेश में हुये विकास कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू डेव्लेपमेंट बैंक की सहायता से विकासशील देशों को विकसित देश बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधोसंरचना निर्माण की परियोजनाओं में मदद देने का आग्रह किया। श्री झू ने कहा कि भारत एवं मध्यप्रदेश के साथ मिलकर काम करने का अच्छा अनुभव रहा। आगे भी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने मध्यप्रदेश को सहयोग देने का भरोसा दिलवाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और ज्ञान को परस्पर साझां करेंगे। एक-दूसरे से सीखेंगे और मध्यप्रदेश में बेहतर से बेहतर काम करने का प्रयास करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्ष में अधोसंरचना निर्माण में ज्यादा ध्यान दिया गया है। प्रदेश सवा लाख किलोमीटर लम्बी सडक़ें बनायी गई है। साथ ही सिंचाई का रकबा साढ़े 7 लाख हैक्टेयर से बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर किया गया। बिजली की उपलब्धता 24 घंटे सुनिश्चित की गई। इससे कृषि की पैदावार बढ़ी और प्रदेश की कृषि विकास दर 20 प्रतिशत से ऊपर हो गयी। साथ ही विकास दर 10 प्रतिशत से ज्यादा रही। श्री चौहान ने कहा कि समूह पेयजल योजनाओं पर फोकस किया जा रहा है, जिसमें सतही जल का ज्यादा उपयोग किया जायेगा। श्री चौहान ने बताया कि नदी और पर्यावरण संरक्षण के लिये नर्मदा सेवा यात्रा चल रही है। उन्होंने नगरीय विकास के काम की भी जानकारी दी।
बैठक में मुख्य सचिव बी.पी. सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त ए.पी. श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग प्रमोद अग्रवाल, प्रमुख सचिव पीएचई मनोज गोविल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल और सचिव श्री विवेक अग्रवाल उपस्थित थे।



