मुंबई। यशराज की ओर से नई फिल्म बैंक चोर का पहला लुक जारी किया गया है। रितेश देशमुख, विवेक ओबेरॉय और रेहा चक्रवर्ती की मुख्य भूमिकाओं वाली इस थ्रिलर फिल्म को यशराज ने 16 जून को रिलीज करने की घोषणा की है।
पिछले साल दिसम्बर में आदित्य चोपड़ा निर्देशित बेफिक्रे के बाद इस साल रिलीज होने वाली ये यशराज की पहली फिल्म होगी। इस फिल्म का पहला पोस्टर अचानक जारी किया गया। पहला पोस्टर फिल्म के हीरो रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर जारी किया। इस फिल्म के लिए कहा जाता है कि ये फिल्म काफी समय से बनकर पड़ी है। यशराज के सूत्रों के अनुसार, आदित्य चोपड़ा को ये फिल्म पसंद नहीं आई थी, जिसके बाद इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था और एक वक्त सुना गया था कि इसे यू ट्यूब पर डायरेक्ट रिलीज करके यशराज बेव सीरिज की दुनिया में कदम रखेगा।
पिछले सप्ताह आदित्य ने फिर से इस फिल्म को देखा और इसे रिलीज करने का फैसला हो गया। ये फिल्म काफी पहले जब शुरू हुई थी, तो इसके हीरो कपिल शर्मा थे, जो आजकल अपने शो और सुनील ग्रोवर के साथ विवादों में उलझे हुए थे। कपिल शर्मा ने यशराज में ऐसे तेवर दिखाए कि आनन फानन में उनको हटाकर रितेश देखमुख को मेन हीरो बना दिया गया। टिप्स की फिल्म तेरे नाल प्यार हो गया में अपनी पत्नी जिलेनिया के साथ काम करने के बाद रितेश ने सोलो हीरो के तौर पर कोई फिल्म नहीं की थी।
खुद रितेश अपनी आने वाली फिल्मों में इस फिल्म का जिक्र करना बंद कर चुके थे। साथियां के बाद इस फिल्म के साथ विवेक ओबेरॉय यशराज में लौटे हैं, जबकि फिल्म की हीरोइन रेहा चक्रवर्ती इससे पहले यशराज की फिल्म मेरे डैड की मारूति में काम कर चुकी हैं। बैंक चोर का निर्माण आशीष पाटिल और निर्देशन बंपी ने किया है, जिनकी बतौर निर्देशक ये पहली फिल्म है। इस फिल्म की एक और खास बात ये होगी कि इसे 16 डी के फॉरमेट में रिलीज किया जाएगा और ऐसा करने वाली ये भारत की पहली फिल्म होगी। अब तक भारत में थ्रीडी फॉरमेट में फिल्में रिलीज होती रही हैं।



