इंदौर। दक्षिण एशियाई सार्क देशों के होने जा रहे दो दिवसीय सम्मलेन की तैयारियां कार्यक्रम के गरिमा के अनुरूप की जा रही है। यहां आने वाले विशिष्ट, अति विशिष्ट मेहमानों के लिए आगमन से लगाकर रवानगी तक की व्यवस्था पूरी कर ली गई है और सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए जा रहे है। अतिथियों को लालबाग, राजबाड़ा के अलावा आसपास के धार्मिक व अन्य पर्यटन स्थलों का निरीक्षण भी कराया जाएगा। यह बात इंदौर की सांसद व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने 18 एवं 19 फरवरी को होने वाले सार्क दक्षिण एशियाई सार्क देशों के लोकसभा अध्यक्षों के सम्मेलन की जानकारी देते हुए चर्चा में कही। उन्होंने बताया कि इंदौर को यह महत्वपूर्ण आयोजन मिला यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।
अभी तक देश के बड़े शहरों में यह आयोजन होते थे लेकिन इस बार हमें मेजबानी का मौका मिला है। सम्मेलन में बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, अफगानिस्तान, नेपाल, मालदीप से लेकर पाकिस्तान के स्पीकरों को इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया गया है और अति विशिष्ट मेहमानों के आगमन को लेकर सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए गए है। इंदौर पुलिस प्रशासन भी बड़े आयोजन की तैयारी में जुट गया है। यह पूरा आयोजन सचिवालय की देखरेख में होगा। लिहाजा उसके लिए आला अधिकारी इंदौर में ही रहेंगे। श्रीमती महाजन के साथ प्रमुख सचिव सुनील तांतेड़ के अलावा विदेश मंत्रालय और लोकसभा सचिवालय के साथ-साथ सभी दूतावासों के आला अधिकारी भी इस दौरान इंदौर में रहेंगे।
होटल रेडीसन में अति विशिष्ट अतिथियों को ठहराया जाएगा। वहीं सम्मेलन का आयोजन भी किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से कार्यक्रम का स्थान और ठहरने की व्यवस्था एक ही जगह की गई है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सभी अतिथियों को बायपास स्थित ग्रांड भगवती होटल में रात्रि भोज देंगे जहां पर 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और मेहमानों को विशेष गाडिय़ों से लाया-ले जाया जाएगा। अधिकारी इस तैयारी में जुटे हुए है। दो दिवसीय सम्मेलन के लिए कल शाम तक अधिकांश मेहमान इंदौर पहुंच जाएंगे तथा कुछ 18 फरवरी को आएंगे। इन अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी। मेहमानों के लिए विशेष शाही गाडिय़ों की व्यवस्था की गई है। बुलेटप्रूफ गाडिय़ों जिनमें लिमोजिन से लेकर मर्सिटिज तक की गाडिय़ां अतिथि सतकार में लगी रहेंगी। देश-विदेश से आ रहे मेहमानों के लिए उनकी पसंद के ही व्यंजन बनाए जाएंगे। इसके अलावा विशेष रूप से भी मालवी व्यंजनों का स्वाद देशी-विदेशी मेहमानों को मिलेगा। दो दिनी सम्मेलन में मेहमानों के खाने-पीने से लगकर उनके भ्रमण तक की एक-एक व्यवस्था सुमित्रा महाजन के मार्गदर्शन में की जा रही है।



