हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के चित्तोर जिले में गुरुवार को भकरापेट में गांव के समीप पुलिस और चंदन तस्करों के बीच झड़प हुई। टास्क फोर्स पुलिस की कॉम्बिंग में तस्करों के साथ आमना-सामना हुआ, तब पुलिस ने उनपर गोलियां चलाई। पुलिस सूत्रों ने बताया की उन पर पथराव हुआ, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। इस दौरान पुलिस ने 23 लाख रुपये की कीमत के चंदन तस्कर की लकड़िया बरामद कीं।
आंध्र प्रदेश के कड़प्पा, चित्तूर और नेल्लोर जिलों के जंगल में जैसे नोटों के पेड़ उगते हैं। ये रेड सेंडर्स के पेड़ हैं। एक पेड़ 20 लाख रुपये का यानि सिर्फ 5 पेड़ किसी को भी करोड़पति बना सकते हैं। सवाल हजारों पेड़ों की तस्करी का हो तो अंदाजा लगाइए कितनी बड़ी रकम का खेल होगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस लाल सोने या एक टन चंदन की लकड़ी की कीमत है एक करोड़ रुपये। लाल चंदन की प्रजाति सिर्फ भारत में पाई जाती है, इसके आयात-निर्यात पर दुनिया भर में रोक है। इसके बावजूद सड़क और समंदर के रास्ते से तस्करी के जरिए इसे हजारों किलोमीटर दूर चीन और जापान तक निर्यात किया जाता है। खास बात ये है कि पूर्वी देशों तक रेड सेंडर्स की तस्करी का रास्ता वाया दुबई जाने लगा।



