भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में हवा का रूख उत्तरी होने के बाद अब ठंड के तेवर तीखे होने लगे हैं, जिससे 10 दिन के अंदर रात का पारा 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और ठंडी हवाएं भी चलने लगेंगी, जिससे दिन का तापमान भी धीरे-धीरे कम होने लगेगा। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक दिन-रात दोनों ही ठंडे हो सकेंगे।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार करीब पांच दिन से शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री का उतार-चढ़ाव ही आया है। हवाओं का रूख केवल 7 से 8 कि.मी. प्रति घंटा होने से अभी ठंड का अहसास सुबह-शाम ही हो रहा है। रात का पारा जरूर सामान्य से 2 डिग्री कम हो गया है। लेकिन हवा की रफ्तार में गति नहीं आई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अब धीरे-धीरे हवाओं की रफ्तार भी बढऩे लगेगी और हवा का रूख भी उत्तरी होने के बाद ठंड के तेवर भी तीखे होने लगेंगे। कल दिन का तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा और रात का तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। फिलहाल दिन व रात के तापमान में 1-2 डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा लेकिन 10 दिन बाद हवा का रूख उत्तरी होने के बाद रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।
दिल्ली की धुंध का कोई असर नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इंदौर से भोपाल काफी दूर पड़ता है। वहां धुंध की प्रमुख वजह प्रदूषण है। इसमें मौसमी बदलाव जैसी स्थिति नहीं है। इसलिए यहां इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि दीपावली के समय जरूर कुछ शहरों में प्रदूषण सामान्य दिनों की अपेक्षा 8-10 गुना बढ़ गया था लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है।



