|
कश्मीर के लिए हर देशवासी बलिदान देने तैयार : झा

जम्मू कश्मीर पर केंद्र के वार्ताकारों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के विरोध में राष्ट्रीय जागरण मंच का धरना शुरू हुआ। धरने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी अनुसांगिक संगठनों सहित प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए। ्रलिली टाकीज के सामने धरने में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद कैलाश जोशी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा, महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, खनिज निगम के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, विधायक विश्वास सारंग, विजेश लुनावत, चेतन सिंह, सुनील पांडे, अनिल अग्रवाल (लिली), केवल मिश्रा गुरूद्वारा प्रबंध कमेटी का ज्ञानी दिलीप सिंह, मौलाना कासमी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और संघ के कार्यकर्ता मौजूद थे। इस मौके पर प्रभात झा ने कहा कि जम्मू कश्मीर पर केंद्र सरकार के वार्ताकारों की रिपोर्ट 120 करोड़ भारतीयों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है। इसे रद्दी की टोकरी में डाल देना चाहिए। इस रिपोर्ट को तैयार करवा कर केंद्र सरकार ने भारतीयों का अपमान किया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का कोई भी कार्यकर्ता इस रिपोर्ट को मानने के लिए तैयार नहीं है। रिपोर्ट अलगाववादियों की भाषा बोल रही है। श्री पटवा और श्री जोशी सहित अन्य नेताओं ने केंद्र के वार्ताकारों की रिपोर्ट पर कहा कि यह केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली में बैठकर तैयार की गई है। रिपोर्ट के मसौदे से हर देशभक्त भारतीय आहत और अपमानित महसूस कर रहा है।पार्टी नेताओं ने इस रिपोर्ट के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष का शंखनाद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ केंद्र सरकार की दोमुंही और तुष्टिकरण की नीति के खिलाफ गांव-गांव और घर-घर जाकर जनजागरण करेगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि जम्मू कश्मीर में प्रभावी धारा 370 में से अस्थाई शब्द हटाकर विशेष शब्द रखने की अनुशंसा, सेना को हटाने, जम्मू कश्मीर में अशांत क्षेत्र का दर्जा खत्म करने जैसी अनुशंसाएं अलगाववादियों की खुली छूट देने काम करेगी। इसका देश भर में हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
|
|