|
प्रधानमंत्री ने की लोकतंत्र की हत्या

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और यूपीए की चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी को देश से माफी मांगना चाहिए। कैश फॉर वोट मामले में यूपीए सरकार और कांग्रेस ने निरपराध भाजपा के तीन संासदों पर एफआईआर दर्ज कर लोकतंत्र की हत्या की है। हाईकोर्ट ने भाजपा के तीनों सांसदों को इस मालमे में जमानत देते हुए जो कहा है उसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह षड्यंत्र के तहत बनाया गया प्रकरण है। कांग्रेस ने 19 सांसदों की खरीद-फरोख्त कर अपनी सरकार को बचाया है, इसलिए प्रधानमंत्री और यूपीए चेयनपर्सन को इस मामले में भाजपा के सवालों का जवाब देश की जनता के सामने रखना चाहिए। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने बताया कि कल भाजपा कैश फॉर वोट मामले में जेल से रिहा निरपराध भाजपा के तीनों सांसद व सुधीर कुलकर्णी का स्वागत करेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी आए। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कैश फॉर वोट मामले में कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी पर सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री और यूपीए चेयरपर्सन से जानना चाहा कि सांसदों की खरीद-फरोख्त मामले में दोनों की क्या भूमिका थी। कैश फॉर वोट मामले और सांसदों की खरीद-फरोख्त में कांग्रेस के महासचिव अहमद पटेल की न सिर्फ अहम भूमिका थी बल्कि मास्टरमाइंड थे। ऐसे में इस मामले का खुलासा करने वाले भाजपा के तीनों सांसदों को अपराधी ठहराकर जेल भेज दिया गया, जबकि उन्होंने कांग्रेस के खरीद-फरोख्त का खुलासा किया था। भाजपा इस मामले को लेकर सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी। साथ ही जनता की अदालत में भी इस मामले को उठाया जाएगा। भाजपा सांसदों को जमानत देते हुए हाईकोर्ट ने कहा है कि चार्जशीट में ऐसा कुछ नहीं है कि तीनों सांसदों व भाजपा से जुड़े सुधीर कुलकर्णी को जमानत न दी जाए।
मध्यप्रदेश से नहीं लड़ूंगा चुनाव
श्री गडकरी ने बताया कि मैं लोकसभा चुनाव लडऩे का इच्छुक हूं, परंतु मध्यप्रदेश के किसी लोकसभा सीट से नहीं बल्कि महाराष्टï्र के ही किसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ूंगा। पार्टी मुझे जहां से लडऩे का कहेगी मैं चुनाव लड़ूंगा।
मेरी टीम करेगी समीक्षा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बताया कि भाजपा शासित राज्यों में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए भाजपा ने 27 विषय तैयार किए हैं। जिसमें 9 विषयों पर परिषद में चर्चा भी हुई है। हमारी टीम मध्यप्रदेश आएगी और प्रदेश सरकार से बातचीत कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करेगी।
पीएम नहीं बनना
मैं पीएम नहीं बनना चाहता। यह बात मैं कई बार कह चुका हूं। भाजपा का कार्यकर्ता हूं और पार्टी के लिए ही काम करते रहना चाहता हूं।
लोकसभा चुनाव लडऩे का निर्णय भी मैंने इसलिए किया है ताकि लोग यह न कह सकें कि मैं चुनकर नहीं आ सकता।
कुलस्ते, भगोरा, अर्गल और कुलकर्णी का सत्कार कल
भाजपा कैश फॉर वोट मामले में जेल से रिहा हुए तीन सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, महावीर भगोरा, अशोक अर्गल के अलावा सुधीर कुलकर्णी का कल दिल्ली में सत्कार करेगी।
भागवत-गडकरी से शिवराज-प्रभात की भेंट
आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत पिछले दो दिनों से राजधानी प्रवास पर है और ऐसे में आज उनके भरोसेमंद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी आज भोपाल प्रवास पर है। प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का उद्देश्य लेकर काम कर रही प्रदेश भाजपा के लिए सर संघचालक मोहन भागवत व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के आशीष की कामना लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा आज दोपहर बाद उनसे मिलेंगे। श्री भागवत आज दिनभर संघ की गतिविधियों में शामिल रहेंगे तो श्री गडकरी जन अभियान परिषद के स्वैच्छिक संगठनों के संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शाम को 6 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
|
|