जयपुर। महात्मा गांधी की पौत्री डा. तारा गांधी भट्टाचार्य ने कहा है कि स्वच्छता का दायित्व अकेले सरकार पर ही नहीं बल्कि यह पूरे देश की जिम्मेदारी है कि वे अपने शहर को स्वच्छ रखें। भट्टाचार्य ने यहां आरंभ हुए पांचवे दक्षिण एशियाई सूफी फेस्ट के सत्र को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हम खुद ही अपने देश के शहरों को प्रदूषित कर रहे हैं।
स्वच्छता बनाये रखने की जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं बल्कि देश के सभी लोगों की है। उन्होंने एक अन्य सत्र में कहा, ‘‘जब मैं सूफीवाद को देखती हूं तब मैं ऐसा महसूस करती हूं कि जैसे कस्तूरी की सुगन्ध की तलाश में कोई हिरण भटक रहा हो, जबकि यह उसी में व्याप्त है।
जिस प्रकार हिरण को अपने भीतर व्याप्त इस सुगन्ध का पता नहीं होता, ठीक उसी प्रकार सूफी या भक्ति रचना में कितनी गहराई है यह इसके प्रस्तुतकर्ता को नहीं होती क्योंकि वह इसमें इतना मगन रहता है। वह स्वयं अपनी दिव्यता को नहीं देख पाता।’’ कार्यक्रम को श्रीलंका में सांस्कृतिक मामलों के निदेशक सुश्री पी अनुषा गोकुला फर्नाण्डो और फोसवाल की अध्यक्ष पद्मश्री अजीत कौर ने भी संबोधित किया।



