नई दिल्ली/न्यूयार्क। संयुक्त राष्ट्र आम सभा के 72वें अधिवेशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने गई सुषमा स्वराज ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
पिछले तीन साल में भारत-बांग्लादेश के बीच संबंधों में मजबूती आई है। हाल ही में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत यात्रा पर आई थीं। उन्हें लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हवाई अड्डे पहुंचे थे। शेख हसीना की उस भारत यात्रा के दौरान भारत-बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक समझौते हुए थे।
सुषमा स्वराज अमेरिका की यात्रा पर हैं। वे सोमवार को अमेरिका के शहर न्यूयार्क पहुंचीं। जहां संयुक्त राष्ट्र आम सभा का 72वां अधिवेशन हो रहा है। इस दौरान विदेश मंत्री 20 से ज्यादा द्विपक्षीय- त्रिपक्षीय वार्ता करेंगी। सोमवार को ही सुषमा स्वराज ने भारत-जापान-अमेरिका त्रिपक्षीय वार्ता में हिस्सा लिया था। इसके अलावा स्वराज भूटान, बांग्लादेश, लाटविया, ट्यूनिशिया, सऊदी अरब सहित कई देशों के राष्ट्रध्यक्षों, मंत्रियों, प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रही हैं।
भारत ने इस बार संयुक्त राष्ट्र आम सभा अधिवेशन के दौरान हो रही वार्ताओं में पाक समर्थित आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, व्यापार सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी है। 193 सदस्यों वाला संयुक्त राष्ट्र दुनिया का शीर्ष संगठन है। जिसका 72वां अधिवेशन अमेरिका के शहर न्यूयार्क में हो रहा है।



