बड़वानी। सरदार सरोबार बांध की ऊंचाई बढ़ाने के बाद डैम में पानी रोकने से मध्यप्रदेश के डूब प्रभावित इलाकों में नर्मदा नदी का जल-स्तर लगातार बढ़ रहा है। बड़वानी के राजघाट पर नर्मदा का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। लगातार बारिश से नर्मदा का पानी सीमाएं तोड़कर आसापास के क्षेत्र में घुस सकता है, जिससे डूब प्रभावित क्षेत्रों में भारी तबाही मचने की संभावना है। फिलहाल, प्रशासन ने ऐतिहात के तौर पर कड़े प्रबंध कर लिए हैं।
नर्मदा नदी में लगातार बढ़ रहे वाटर लेवल के मद्देनजर कलेक्टर तेजस्वी एस नायक, पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे सतत व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। बुधवार की दोपहर पुराने पुल का निरीक्षण किया गया और गुरुवार को सुबह से आसपास के क्षेत्रों को भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान उनके साथ एनडीआरएफ एवं लोक निर्माण विभाग, राजस्व, पुलिस विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुराने पुल पर रोके गए यातायात के नियमों का शक्ति से पालन कराने, किसी भी स्थिति में इस पुराने पुल से सवारी वाहनों को न गुजरने देने के निर्देश भी दिए हैं। बड़वानी के ग्राम कुकरा में नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ने से स्थित पुराने पुल से आवागमन रविवार की देर रात से ही रोक दिया गया था। वर्तमान में नर्मदा का जल स्तर 123.800 मीटर पर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से उपर है।



