भोपाल। सीहोर जिले से ट्रांसफर होकर भोपाल आए कलेक्टर सुदाम पी. खाडे ने भोपाल कलेक्ट्रेट का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने गुरुवार शाम को पदभार ग्रहण किया। इस दौरान एडीएम रत्नाकर झा एवं दिशा प्रणय नागवंशी सहित जिले के एसडीएम व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 बैच के आईएएस अधिकारी खाडे इससे पूर्व टीकमगढ़, हरदा व सीहोर जिलों के कलेक्टर रहे हैं।
खाडे ने कार्यभार संभालने के तत्काल बाद जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में प्याज खरीद कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी तहसीलदार और एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र के प्याज खरीद केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें तथा प्याज खरीद के दौरान किसानों को आने वाली समस्याओं को मौके पर निपटाएं।
बैठक में बताया गया कि अब तक जिले में कुल 2844 किसानों से कुल 148067 क्विंटल प्याज खरीदी जा चुकी है जिसमें करोंद मंडी में स्थापित खरीद केन्द्र पर 1842 किसानों से अब तक कुल 81223.90 क्विंटल एवं बैरसिया केन्द्र पर 1002 किसानों से 66843.22 क्विंटल प्याज क्रय की गई है। भोपाल जिले से खरीदी गई प्याज का परिवहन मंडला व कटनी जिलों को किया जा रहा है।
कलेक्टर वरबड़े ने इंदौर में संभाला कार्यभार
राजधानी भोपाल से ट्रांसफर होने के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी निशांत वरबड़े ने गुरुवार शाम को इंदौर पहुंचे और उन्होंने इंदौर कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर कार्यालय में उन्होंने पदभार ग्रहण करने के पश्चात प्रशासनिक तथा अन्य विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर शमीमुद्दीन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



