नई दिल्ली। कांग्रेस ने मंदसौर हादसे में किसानों की मौत और आंदोलन के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए जवाब मांगा है। कांग्रेस राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा, राहुल गांधी सड़कों पर जाकर किसानों की आवाज बुलंद कर रहे हैं लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती इसलिए रोका जा रहा है, उन्हें गिरफ्तार किया गया।‘
शोभा ओझा ने गुरुवार को कहा कि मंदसौर में ये आंदोलन एक जून से चल रहा है| किसानों को लगातार बेरहमी से पीटा जा रहा है| प्रशासन को आगे करके सरकार किसानों पर गोलियां चलवा रही है। लाठी और गोलियों से किसानों का मुंह बंद कर रही है। गुजरात, महाराष्ट्र से लेकर मध्य-प्रदेश तक लगातार किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा मोदी सरकार एक ओर किसानों का कर्ज माफ करने की बात करती है दूसरी ओर इस तरह किसानों को मारा जा रहा है, केंद्र को इसके लिए जवाब देना होगा।
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर बेवजह गिरफ्तार किये जाने का आरोप लगाया था। राहुल गुरुवार को दिल्ली से उदयपुर के रास्ते मंदसौर पहुंचे हैं जहां उन्हें स्थानीय प्रशासन ने शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं सिर्फ किसानों के परिवारों से मिलना चाहता था| उनकी बात सुनना चाहता था| कोई कारण नहीं दिया, बस कहा कि गिरफ्तार कर रहे हैं।‘ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘मोदीजी किसानों का क़र्ज़ नहीं माफ़ कर सकते| सही रेट और बोनस नहीं दे सकते| मुआवज़ा नहीं दे सकते- सिर्फ किसान को गोली दे सकते हैं।



