भोपाल। प्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने कहा है कि आयोग द्वारा उपचुनावों के लिए भेजी गई वोटिंग मशीनों में कोई गड़बड़ी नहीं है और प्रदेश की अटेर तथा बांधवगढ़ विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव निष्पक्ष होंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह बात शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उल्लेखनीय है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा यह पत्रकार वार्ता मीडिया में भिंड जिला मुख्यालय पर हुई ट्रायल में वोटिंग मशीन में गड़बड़ी पाए जाने संबंधी खबरों के आने के बाद आयोजित की गई थी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने उपस्थित संवाददाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वोटिंग मशीन में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि अटेर और बांधवगढ़ दोनों ही जगहों पर चुनाव निष्पक्ष संपन्न होंगे। भिंड में हुई ट्रायल के बारे में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भिंड में 31 मार्च को की गई प्रक्रिया एक डमी प्रक्रिया थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रायल के दौरान पहली बार बटन दबाए जाने पर कमल की पर्ची निकली थी, लेकिन दूसरी बार जब दूसरा बटन दबाया गया था, तब अन्य दल की पर्ची भी निकली थी, लेकिन इस तथ्य को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भिंड में की गई प्रक्रिया मॉकपोल नहीं थी, बल्कि पत्रकारों के कहने पर मशीन का डेमो किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस मशीन पर पत्रकारों को वोट डालकर दिखाया गया, उस पर न तो किसी उम्मीदवार का नाम था और न ही कोई चुनाव चिह्न अंकित था। वह एक डमी डेमो पीस था, इसलिए वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की बात निराधार है।



