मुंबई। एक दिन पहले ही मुंबई में आयोजित एक समारोह में रवीना टंडन की आने वाली फिल्म ‘मातृ’ का ट्रेलर रिलीज हुआ। अब इस फिल्म को लेकर खबर आ रही है कि इस फिल्म की रिलीज संकट में फंस सकती है। मुंबई की एक अदालत ने इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है।
मामला निर्माता अंजुम रिजवी का बताया जाता है, जिन्होंने एक फाइनेंशल कंपनी का पैसा नहीं लौटाया। इस कंपनी की याचिका पर ही सुनवाई करते हुए अदालत ने इस फिल्म के रिलीज पर रोक लगा दी। इस फिल्म को अब तक 21 अप्रैल को रिलीज होना था, लेकिन अदालती फैसले के बाद इसके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। रवीना टंडन काफी वक्त बाद इस फिल्म से परदे पर वापसी कर रही हैं और इस महिला प्रधान फिल्म में वे एक ऐसी मां की भूमिका कर रही हैं, जो अपनी बेटी की मौत का बदला लेती हैं। कहा जा रहा है कि निर्माता इस रोक को मुंबई हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं। इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।



