कटनी। जिला ई-गवर्नेंस सोसाईटी द्वारा कलेक्टर विशेष गढ़पाले के निर्देश पर अटेंडेंस एण्ड टूर मॉनीटरिंग एप व पोर्टल का निर्माण कराया गया है। ”लोकसेवक कटनी” के नाम से बनाये गये इस एप के द्वारा बस फोटो क्लिक करने पर ही ग्रामीण अंचल में पदस्थ सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता की उपस्थिति दर्ज की जायेगी। वहीं स्वयं कलेक्टर से लेकर सभी विभागों के फील्ड ऑफीसर निरीक्षण के दौरान स्पॉट से फोटो क्लिक कर अपने टूर की जानकारी दे पायेंगे।
एप के साथ ही बनाये गये पोर्टल पर विभागवार सिंक्रोनाईज होकर यह जानकारी लेंगी, ट्यूड और लॉन्गीट्यूड के साथ ही उस स्थान की जानकारी देते हुए अपलोड हो जायेगी। जिससे विभाग प्रमुख व कलेक्टर पोर्टल पर जाकर सीधे ही पता लगा सकेंगे कि, अटेंडेंस कितने बजे और किस स्थान से लगाई गई है। साथ ही फील्ड पर दौरा करने वाले अधिकारी हकीकत में फील्ड पर हैं या नहीं। वहीं अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा महज एक ही गांव या एक ही क्षेत्र का दौरा तो नहीं किया जा रहा है। कौन काम कर रहा है और कौन काम चोरी, इसकी जानकारी अब महज इस एप और पोर्टल के माध्यम से एक क्लिक पर मिलेगी। यह मोबाईल एप लापरवाही और हीलाहवाली करने वाले शासकीय सेवकों के लिये जहां नकेल कसने में सहायक होगा। वहीं अब किसी की भी बहानेबाजी नहीं चलेगी। प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।
लोकसेवक एप ओपन करते ही लॉगिन पेज ओपन होगा। जिसमें लॉगिन आईडी और पासवर्ड डालकर फोटो क्लिक करना होगा। कैप्चर बटन क्लिक करते ही फोटो खिच जायेगी और लॉगिन बटन क्लिक करते ही अटेंडेंस दर्ज हो जायेगी। जिला प्रशासन द्वारा तैयार कराये गये इस डायनेमिक अटेंडेंस एण्ड टूर मॉनीटरिंग एप एवं पोर्टल में टास्क आवंटित करने का भी फीचर रख गया है। जिसमें पोर्टल के माध्यम से विभाग प्रमुख अपने अधिनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को रुटीन कार्य के साथ ही सौंपे गये अतिरिक्त टास्क के हिसाब से मैपिंग कर पायेंगे। साथ ही यह टास्क सौंपे गये सभी उन शासकीय सेवकों के मोबाईल एप पर टास्क ऑप्शन में दिखाई देगा। जिससे शासकीय सेवकों को उस स्पेशल टास्क की जानकारी भी सुगमता से प्राप्त हो पायेगी। कलेक्टर विशेष गढ़पाले के निर्देश पर इंदौर से आये इंजीनियर्स द्वारा कटनी जिला प्रशासन के लिये लोकसेवक एप बनाया गया है। जिसके माध्यम से प्रत्येक शासकीय विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों की सतत् निगरानी होगी। उनकी प्रत्येक गतिविधियां जिला प्रशासन की निगाहों में होगी। कोई भी कर्मचारी, अधिकारी बहानेबाजी कर बच नहीं सकता। हर एक को फील्ड में जाकर वास्तव में कार्य करना होगा और किये गये कार्य की रिपोर्ट से तत्काल अवगत कराना होगा। स्पॉट पर मोबाईल में इंटरनेट नहीं होने पर भी ऐसे क्षेत्रों में भी यह एप निरंतर चलेगा। मौके पर मोबाईल में नेटवर्क नहीं होने पर भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।
शासकीय सेवक को निर्धारित समय पर अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित होना होगा, भ्रमण करना होगा। एप का उपयोग कर एंट्री कर डाटा एप पर अपलोड कराना होगा। इसके बाद नेटवर्क क्षेत्र में आने के बाद इंटरनेट डाटा ऑन कर सिंक बटन पर क्लिक कर डाटा सिंक्रोनाईज किया जा सकेगा। कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने निर्देश दिये हैं कि एप पर उपस्थिति, भ्रमण एवं सभी स्तर की रिपोर्ट प्रत्येक शासकीय सेवक को रोजना डालनी होगी। एप को उपस्थिति मानकर कार्य होगा। ऑफलाईन उपस्थिति मान्य नहीं होगी। विभाग के आहरण एवं संवितरण अधिकारी वेतन आहरण करते समय संबंधित प्रत्येक माह रिपोर्ट जनरेट कर तदानुसार, नियमानुसार कार्यवाही करेंगे। शासकीय सेवक के अवकाश पर रहने पर इस रिपोर्ट में अवगत कराना होगा। फरवरी 2017 से ट्रायल मोड पर एप का शुभारंभ किया गया है। आगामी माह मार्च 2017 से एप आधारित उपस्थिति एवं भ्रमण प्रतिवेदन के आधार पर ही वेतन आहरित होगा। निर्देशों के पालन ना करने वाले पर अनुशासनहीनता की कार्यवाही की जायेगी।



