मंदसौर। अफीम के उत्पादन ज्यादा होने के अनुमान के साथ ही तस्करी की आशंका भी बढ गई है। इसको रोकने के लिए नया प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही स्टॉफ की कमी से जूझ रहे नारकोटिक्स विभाग को केंद्र ने राहत दी है। प्रदेश में पहली बार मंदसौर नारकोटिक्स विभाग को डॉग स्क्वॉड मिलने जा रहा है। बीएसपी से ट्रेंड यह डॉग अफीम, स्मैक के तस्करों को पकडने में विभाग की मदद करेंगा। बेहतर मौसम व बढ़े रकबे से अफीम की तस्करी बढने की आशंका को विभाग ने स्वीकार किया है।
पिछले सालों में खेतों में खडी फसल से डोडे व अफीम चोरी होने के मामलों को देखते हुए इस साल जिले को एक प्रशिक्षित डॉग दिया जा रहा है। मादक पदार्थ की तस्करी पर लगाम कसने के लिए दिल्ली से दो डॉग भेजे गए है। एक राजस्थान को और एक मप्र को डॉग मिला है। नारकोटिक्स सुप्रिटेंडेंट, इंदौर एवं डॉग स्क्वॉड दल प्रभारी दीपक दुबे ने बताया कि शुरूआत खेतों की निगरानी से होगी। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों पर भी अभियान चलाकर तस्करी को रोकने का काम किया जाएगा।



