भोपाल। ऑल इंडिया एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनिंदर सिंह बिट्टा गुरुवार को भोपाल आएं। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें आतंकवादियों के खात्मे की सफलता पर बधाई दी और चर्चा की। बिट्टा ने सेन्ट्रल जेल में सिमी आतंकियों के हाथों शहीद हुए हेड कान्सटेबल रमाशंकर यादव के परिवार से मुलाकात की और शहीद जवान को श्रृद्धांजलि दी।
भोपाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मनिंदर सिंह बिट्टा ने एनकाउंटर पर हो रही राजनीति पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेसियों को आड़े हाथों लेते हुए बिट्टा ने कहा कि कोई भी कांग्रेस नेता शहीद के घर नहीं गया लेकिन आतंकवादियों के लिए सहानुभूति जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं कांग्रेसी हूं लेकिन आतंकवाद के खिलाफ बोलूंगा। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और कपिल सिब्बल पर निशाना साधते हुए बिट्टा ने कहा कि हर बार दिग्विजय सिंह आतंकवादियों के समर्थन में खड़े हो जाते हैं और कपिल सिब्बल ने आतंकियों का ठेका ले रखा हैं। सिब्बल की वजह से भूल्लर जैसा अपराधी छूट गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान में विरोधाभास हैं। ऐसा बयान देने वाले नेताओं की जांच की जानी चाहिए।
वहीं भोपाल पुलिस की कार्रवाई की प्रसंशा करते हुए मनिंदर सिंह बिट्टा ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई बिल्कुल सही हैं। एनकाउंटर पर सवाल उठाकर शहादत का अपमान किया जा रहा हैं। यदि आतंकी भाग जाते तो बेगुनाहों का कत्ल होता। फिर पुलिस और सरकार को कोसा जाता और इस्तीफा मांगा जाता। बिट्टा ने कहा कि सरकार को एंटी टेररिस्ट मिलिट्री फोर्स का गठन किया जाना चाहिए ताकि उन्हें छह माह में सजा ऐ मौत मिल सकें। बिट्टा ने कहा कि एनकाउंटर की जांच की कोई जरूरत नहीं हैं केवल जेल ब्रेक की जांच होनी चाहिए।



