मुंबई। दीपावली के मौके पर सोनाक्षी ने अपने पूरे परिवार की ओर से देश के फौजियों के नाम एक दिया जलाया। इस मौके पर अपने संदेश में सोनाक्षी ने कहा कि इस दीपावली पर परिवार ने जो पैसा दीपावली मनाने के लिए रखा था, वो पैसा आर्मी वेलफेयर फंड में भेज दिया गया है।
पाकिस्तान के साथ सीमाओं पर मुकाबला कर रहे देश के सैनिकों की बहादुरी को सलाम करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए लड़ रहे हमारे सैनिकों औीर उनके परिवारों का ख्याल रखना हम सभी का फर्ज है और हमारा परिवार इसलिए एक छोटा सा कदम उठा रहा है। सोनाक्षी ने अपने संदेश में उम्मीद जाहिर की कि अन्य लोग भी ऐसा करके सैनिकों के लिए सम्मान व्यक्त करेंगे। सोनाक्षी ने बाकी लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि इस दीपावली पर मिठाइयों और तोहफों में खर्च होने वाले पैसों में से अगर एक हिस्सा हम अपने सैनिकों के लिए रखें, तो सबको अच्छा लगेगा। सोनाक्षी की आने वाली फिल्म फोर्स-2 है, जो सैनिकों से जुड़ी बताई जा रही है। इस फिल्म से होने वाली आमदनी का एक हिस्सा भी सैनिकों के कल्याण कोष में भेजने की बात कही गई है।



