इंदौर। भाजपा संगठन भले ही नगर व मंडलों की कार्यकारिणी घोषित नहीं कर पा रहा है लेकिन विधायक उषा ठाकुर ने अपनी विधानसभा में पांच वार्ड संयोजकों को हटाकर अपने समर्थकों को संयोजक बना दिया है। उक्त संयोजकों को हटाकर ठाकुर ने अपनी ताकत दिखाने के साथ ही विधानसभा में अपने समर्थकों को एकजुट करना शुरू कर दिया है।
नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बावजूद भी अपनी कार्यकारिणी घोषित नहीं कर पा रहे है लेकिन इसके विपरीत विधायक उषा ठाकुर ने अपनी विधानसभा में नए वार्ड संयोजकों की नियुक्ति करवा दी है। वार्ड 58 में माधुरी जायसवाल, 61 में दिनेश राजोरा, 62 में डोंगरसिंह चौहान, 63 में संजू भाऊ, 60 में अरुण शर्मा को संयोजक बनाया है। अपनी टीम मजबूत करने के लिए ठाकुर ने यह दाव खेला है। विधानसभा तीन में कई गुट बन गए है। पूर्व विधायक गोपी नेमा, ललित पोरवाल, गोविंद मालू सहित अन्य नेता भी यहां अपनी दावेदारी करते रहे है।
ठाकुर के लिए इनके समर्थक विरोधाभास बनाए रखते है। इसी के चलते ठाकुर ने अब अपनी पूरी नई टीम बनाना शुरू कर दी है। विधायक रमेश मेंदोला भी उक्त विधानसभा में हस्तक्षेप बनाए रखते है। ठाकुर ने अपनी ताकत दिखाते हुए संयोजकों की नियुक्ति करा दी है जिससे उनके विरोधी गुट के नेताओं को जहां झटका लगा है। वहीं यह भी अहसास हो गया है कि अब ठाकुर अपने समर्थकों को विधानसभा तीन में मजबूत बनाएगी।



