भोपाल। शहर में सार्वजनिक परिवहन सुविधा का उपयोग करने वाले नागरिकों को आगामी 15 नवम्बर से शहर के पांच बस स्टॉपों पर ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन सिस्टम की सुविधा प्राप्त होने लगेगी। निगम आयुक्त एवं भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की प्रबंध संचालक छवि भारद्वाज ने बस स्टॉपों पर फेयर कलेक्शन सिस्टम सहित अन्य व्यवस्थाओं को नियत समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं साथ ही शहर के अन्य 20 बस स्टॉपों के उन्नयन कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने व चालू माह के अंत तक शहर के सभी रूट्स पर 200 बसे संचालित किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रीमती भारद्वाज ने बताया कि जिन पांच बस स्टॉपों पर प्रारंभिक चरण में ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन स्थापित किया जा रहा है वहाँ के सभी कार्य शीघ्रता से पूर्ण करते हुए आगामी 15 नवमबर से ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन प्रारंभ किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, साथ ही 20 अन्य स्टॉपों के उन्नयन संबंधी कार्य भी 15 नवम्बर तक पूर्ण करने, इस वर्ष के अंत तक 30 नवीन मिडी बसों का संचालन प्रारंभ किया जाना सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। आगामी 15 नवम्बर को गणेश मंदिर एवं हबीबगंज रेल्वे स्टेशन पर मार्ग के लेफ्ट एण्ड राईट साईड के बस स्टॉप के अलावा सरगम टॉकीज पर राईट साईड और बोर्ड ऑफिस पर मार्ग के राईट साईड पर नवनिर्मित बस स्टॉपों से ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन प्रारंभ कर दिया जाएगा।



