भोपाल। भोपाल सेन्ट्रल जेल ब्रेक मामले में एक ओर बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ है। जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर ने भी डीजी को पत्र लिखकर जेल की सुरक्षा को खतरा बताया था। आईजी जेल ने पत्र को गंभीरता से नहीं लिया जिसके चलते इतनी बड़ी घटना सामने आई।
गुरूवार को भोपाल जेल ब्रेक मामले में एक ओर बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ। बताया जा रहा हैं कि जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर ने सुरक्षा को लेकर डीजी को पत्र लिखा था। छह अक्टूबर को लिखे गए इस पत्र में जेल अधीक्षक ने आतंकियों को आधार बताते हुए उनकी सेल की सुरक्षा चौकसी बढ़ाने के लिए एसएएफ जवानों (स्पेशल आर्म फोर्स) की मांग की थी। तोमर ने अपने पत्र में ब्लॉक के अंरद, बाहर और पीछे की ओर से सुरक्षा को खतरा बताया था। आतंकियों से जुड़ा गंभीर मुद्दा होने के बाद भी जेल आईजी संजय चौधरी ने पत्र पर संज्ञान नहीं लिया।
गौरतलब हैं कि इससे पहले पूर्व आईजी जेल जीके अग्रवाल की भी एक चिठ्ठी सामने आई थी जो उन्होंने दो साल पहले सरकार को लिखी थी और उसमें भी उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए थे लेकिन सरकार ने उनकी चिठ्ठी पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। दोनों ही चिठ्ठियों के खुलासे के बाद जेल ब्रेक मामले में जेल प्रबंधन और सरकार की लापरवाही साफ तौर पर नजर आ रही हैं।



