नयी दिल्ली। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी का यहां उनके आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। राहुल के स्वागत के लिए 12 तुगलक लेन स्थित उनके आवास पर कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल के आवास के बाहर जमा हुए । उन्होंने ढोल बजाकर और फूलों के साथ राहुल का स्वागत किया। जश्न दो घंटे से अधिक समय तक चला।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नृत्य किए, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं। राहुल को पार्टी का नया अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया था। वह गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहे थे और देर शाम दिल्ली लौटे हैं। राहुल का स्वागत करने के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस के नेता उनके आवास पर मौजूद थे।