अयोध्या। निर्मोही अखाड़ा के महंत और अयोध्या राम जन्मभूमि मामले में पक्षकार महंत भास्कर दास का शनिवार तड़के निधन हो गया। सांस की बीमारी के कारण शुक्रवार को उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह फैज़ाबाद में निर्मोही अखाड़ा के महंत थे। अयोध्या के तुलसीदास घाट पर आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शनिवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे करीब 90 वर्ष के थे।
महंत के करीबियों ने बताया कि वह काफी अरसे से बीमार चल रहे थे। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें फैजाबाद के हर्षण हृदय संस्थान में भर्ती कराया गया था। भास्कर दास का इलाज कर रहे डॉ. अरुण कुमार जायसवाल ने बताया कि उनको लकवे का अटैक हुआ। अधिक उम्र होने की वजह से उनकी हालत और नाजुक हो गई थी। उनकी नब्ज भी काफी धीमी चल रही थी। उन्हें बाहर भेजने के लिए सलाह दी गई थी पर वे धार्मिक कारणों से लखनऊ और दिल्ली इलाज के लिए नहीं जाना चाहते थे।