मोदी कैबिनेट में शामिल हुए टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेन्द्र खटीक
By dsp bpl On 3 Sep, 2017 At 12:10 PM | Categorized As मध्यप्रदेश, राजधानी | With 0 Comments

टीकमगढ़/ भोपाल। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सांसद डॉ. वीरेन्द्र खटीक मोदी कैबिनेट विस्तार का हिस्सा बने हैं। रविवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में वीरेन्द्र कुमार खटीक ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कैबिनेट में शामिल किए जाने से टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र समेत पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल हैं।

इससे पहले केन्द्रीय कैबिनेट में शामिल होने पर वीरेन्द्र कुमार खटीक ने कहा कि वो नई जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे मोदी सरकार की नीतियों पर काम करेंगे और उनका प्रमोशन करेंगे। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया हैं। 63 वर्षीय वीरेंद्र कुमार टीकमगढ़ से छठी बार सांसद चुने गए हैं। सागर संसदीय सीट से 1996 में 11वीं लोकसभा का चुनाव उन्होंने पहली बार जीता था। उसके बाद 12वीं, 13वीं और 14वीं लोकसभा में सागर से प्रतिनिधित्व किया। लोकसभा सीट के नए परिसीमन के बाद टीकमगढ़ लोकसभा सीट पर भी जीत का सिलसिला जारी रहा। अब 15वीं और 16वीं लोकसभा में वे इसी सीट से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अभी संसद की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य हैं।

केन्द्रीय मंत्री बने टीकमगढ़ सांसद वीरेन्द्र कुमार का जीवन सादगी से भरा हैं। वे अपने सादे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। 27 फरवरी 1954 को सागर में जन्मे वीरेन्द्र कुमार खटीक दलित समुदाय से आते हैं। वे बचपन में अपने पिता की दुकान पर पंचर बनाया करते थे। उन्होंने अर्थशास्त्र में एमए और चाइल्ड लेबर में पीएचडी की है। वीरेन्द्र कुमार के परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा और एक बेटी हैं। राजनीति में आने के बाद अपने शुरुआती दिनों में वीरेन्द्र कुमार संघ, अभाविप, विहिप और भाजपा में विभिन्न पदों पर रहे। विधायक बनने के बाद सागर के कलेक्ट्रेट परिसर में उन्होंने जनता दरबार की शुरुआत की और इसी से उन्हें प्रसिद्धि मिली। वीरेन्द्र कुमार जेपी आंदोलन के दौरान 16 महीने जेल काट चुके हैं।

केन्द्रीय मंत्री बने वीरेन्द्र कुमार खटीक अपने क्षेत्र में स्कूटर वाले सांसद के रूप में पहचाने जाते हैं। सांसद बनने के बाद भी वे अपने पुराने हरे रंग के स्कूटर से घूमा करते हैं। कई कार्यक्रमों में स्कूटर से ही पहुंचते हैं, जबकि कार का इस्तेमाल दूर जाने के लिए ही करते हैं। उनका स्कूटर हमेशा उनके साथ ही रहता है।

Leave a comment

XHTML: You can use these tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>