भोपाल। केंद्रीय राज्यमंत्री अनिल माधव दवे के देहांत के बाद से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय संसदीय दल की बैठक में मध्य प्रदेश के मंडला जिला पंचायत अध्यक्ष संपतिया उइके के नाम की घोषणा कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को भारी मशक्कत के बाद प्रदेश से भेजे गए 12 नामों में से मंडला जिला पंचायत अध्यक्ष संपतिया उइके के नाम का एलान किया गया। माना जा रहा है कि मंडला सांसद और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की इसमें महत्पूर्ण भागीदारी मानी जा रही है क्योंकि फग्गन सिंह कुलस्ते की संपतिया उइके करीबी मानी जाती हैं। इसी के चलते उन्हें इसका फायदा मिला है। संपतिया उइके पिछले 12 सालों से जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर हैं। साल 2013 में उइके को बीजेपी ने विधानसभा उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वे चुनाव हार गईं थीं।
बता दें कि मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र से भाजपा का एक आदिवासी चेहरा भी है। इसके अलावा वे प्रदेश बीजेपी कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री रह चुकी हैं। गौरतलब है कि संपतिया उइके पर पर मंडला जिले में पंच परमेश्वर के तहत सोलर लाइट लगाने के नाम पर करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार करने के आरोप भी लग चुके हैं। मामला हाइप्रोफाइल होने के कारण मामले की जांच को दवा दिया गया।