इंदौर। शहर के नेहरूनगर क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह कुएं से दुर्गंध आने पर लोगों ने झांक कर देखा तो कुएं में बोरा पड़ा था। जब बोरे को बाहर निकला गया तो उसमें एक महिला की अधजली लाश निकली। पुलिस ने शव बरामद कर मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन शुरुआत में कोई सफलता नहीं मिली।
एमआईजी थाना क्षेत्र के नेहरूनगर रोड नं. 9 स्थित बैरवा समाज धर्मशाला के पीछे मैदान में एक निजी स्कूल के पास स्थित मैदान में बने कुएं से शुक्रवार को सुबह लोगों को तेज दुर्गंध आई तो कुछ ने पास जाकर देखा। वहां एक बोरा सिला हुआ पड़ा था। उसमें से तेज बदबू आ रही थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खुलवाया तो उसमें एक महिला का अधजला हुआ शव मिला। इस पर आसपास के लोगों से मृतका की शिनाख्ती के प्रयास कराए गए, लेकिन किसी ने भी महिला को नहीं पहचाना।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष है। आशंका है कि हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया है बाद में बोरे में बंद कर यहां पर फेंका गया है।