भोपाल। शहडोल लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ज्ञान सिंह ने लंबी कवायद के बाद शनिवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।
गौरतलब है कि शहडोल लोकसभा सीट से सांसद रहे दलपत सिंह परस्ते के निधन के बाद यह सीट खाली हुई जिसके बाद ज्ञान सिंह ने यहां से चुनाव लड़ा और जीत गये। वहीं उनकी सीट खाली होने के बाद बांधवगढ़ से उनके पुत्र ने वह सीट जीत ली थी। सांसद बनने के बाद भी ज्ञान सिंह ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया था। वह अपने स्थान पर पुत्र को मंत्री बनवाने के प्रयास में लगे हुए थे। हालांकि पार्टी ने उनकी इस शर्त को गंभीरता से नहीं लिया था जिसकी वजह से अभी तक वे मंत्री पद पर बने थे।
सूत्रों के मुताबिक अब माना जा रहा है कि उनके पुत्र को आने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मिलने के बाद अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया।