उमरिया। जिले के ग्राम महरोई में गुरुवार को सुबह बारात लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 40 बाराती घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रकरण दर्ज मामले की जांच शुरू की। वहीं, 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
अमरपुर चौकी प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि बुधवार की रात को जिले के ग्राम चिल्हारी सीताराम कोल उर्फ ललवा कोल के यहां बारात आई थी। गुरुवार को सुबह विदाई के बाद बारात बस से अपने गांव वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया। चौकी प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि चालक लापरवाही पूर्वक बस तेजी से चला रहा था, इसी दौरान महरोई मोड़ पर बारातियों से भरी एमपी 21टी 0231 प्रिंस बस सर्विस की बस पलट गई। दुर्घटना में 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई। उन्होंने बताया कि 18 घायलों को अमरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, एक दर्जन बाराती कटनी जिले के बरही अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं गंभीर घायलों को कटनी रैफर किया गया है, जबकि शेष बाराती उमरिया जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में भर्ती हैं। फिलहाल अमरपुर पुलिस चौकी और इंदवार पुलिस कार्यवाही में जुटी है।