डोडोमा। तानजानिया में अरुशा के उत्तरी इलाके में एक स्कूल बस सड़क के किनारे एक नाले में गिर गई। इस दुर्घटना में 32 स्कूली बच्चों, दो शिक्षक और चालक की मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।
अरुशा के क्षेत्रीय पुलिस कमांडर चार्ल्स मकुम्बो ने समाचार एजेंसी रॉयटर से कहा, “ यह दुर्घटना तब हुई जब बस खड़ी पहाड़ी से लुढ़क गई। हम यह तय करने के लिए अभी जांच कर रहे हैं कि दुर्घटना यांत्रिकी खराबी के कारण हुई या फिर चालक की गलती से। ”
मकुम्बो ने कहा कि यह दुर्घटना करातू जिले में स्थानीय समयानुसार 9.30 बजे हुई। बस में लकी विंसेंट प्राइमरी स्कूल की कक्षा 7 के बच्चे सवार थे जिनकी उम्र 12 से 13 साल थी।
राष्ट्रपति जॉन मैगुफुली ने एक बयान जारी कर इस दुघर्टना को राष्ट्रीय त्रासदी बताया है।
उल्लेखनीय है कि तानजानिया में सड़क दुर्घटना एक बड़ी समस्या है। सरकारी आंकड़े के अनुसार, साल 2014 से 2016 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में करीब 11000 लोग मारे गए हैं।