भोपाल। मप्र भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने ग्वालियर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राज चड्डा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। साथ ही चड्डा को कारण बताओं नोटिस जारी कर सात दिनों में जवाब मांगा गया है।
पार्टी द्वारा विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज चड्डा द्वारा लगातार पार्टी विरोधी बयानबाजी और सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन लेखन के कारण उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्याता से निलंबित किया जा रहा हैं। गौरतलब है कि राज चड्डा सोशल मीडिया पर लगातार पार्टी के खिलाफ लिख रहे थे। रविवार को उन्होंने पार्टी के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए लिखा कि अपने नाते रिश्तेदारों के लिए टिकटों और पदों की बंदरबाट करने वाले नेता जब कार्यकर्ता को त्याग तपस्या का उपदेश देते हैं तब लगता हैं जैसे साक्षात ढोंग कुरता पजामा पहन कर आ गया है।
निलंबन से एक दिन पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक पोस्ट लिखी थी। जिसमें उन्होंने लिखा था कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर हैं। अस्पतालों की दुर्दशा असहनीय हैं सुधार कीजिए या हम जैसे लाखों कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर कर दीजिए। जिन्होंने दीनदयाल जी के सपनों को पूरा करने के लिए पार्टी में अपना जीवन खपा दिया। राज चड्डा, कार्यकर्ता भाजपा, वर्ष 1962 से। उनकी इस पोस्ट के बाद रविवार शाम को पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया और सात दिनों में स्पष्टीकरण मांगा हैं।