नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार तड़के आग लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर लोकल पुलिस व दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मृतकों की पहचान अंजली (28), अदिती (13) के रूप में हुई है।
वहीं घायल मासूम की पहचान तविशा (3) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार रविवार तड़के 4:40 बजे पुलिस को सूचना मिली की सुल्तानपुरी स्थित कृष्ण विहार के मकान संख्या-ए-93 में भीषण आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
वहीं, सूत्रों की माने तो शनिवार रात उक्त मकान से बरात गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं एक अन्य मामले में आग की घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस के अनुसार श्रीनिवासपुरी इलाके स्थित झुग्गी में बीती देर रात आग लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल की दो गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान विष्णुदेव (50) व अर्जुन (18) के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।