नई दिल्ली। भारत में पर्यटन व्यवसाय कितनी तेजी से फल फूल रहा है। इसका ताजा उदाहरण वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम की तरफ से जारी एक रिपोर्ट है। फोरम की तरफ से जारी रैंकिंग में पहले नंबर पर स्पेन और दूसरा नंबर फ्रांस को प्राप्त हुआ है तो वहीं भारत 40 वें स्थान पर पहुंच गया है।
नये आंकड़े के आने के बाद से पर्यटन मंत्रालय बेहद खुश है और अपनी पीठ थपथपाने में जुटा है। मंत्रालय का दावा है कि ये वृद्धि नई नीतियों और उनके सख्ती से पालन की वजह से संभव हुई है। मंत्रालय के इस दावे को आंकड़ों का भी बल मिला है कि पीएम मोदी जिन देशों की यात्रा पर गये वहां-वहां से पर्यटकों का तांता भारत की भूमि पर दिख रहा है।
गौरतलब है कि 2013 तक भारत इसी सूची में 65 वें स्थान पर था। पिछले वर्ष वो 52वें पायदान पर आया और अब तो 40 पर पहुंच चुका है। जानकार इसका कारण पर्यटन मंत्रालय की तरफ से ई-वीजा सर्विस को बढ़ावा बता रहे हैं। वर्ष 2016 में दस लाख 79 हजार 700 सैलानियों ने ई-वीजा से भारत की यात्रा की। साथ ही पर्यटकों को आकर्षित करती कई सरकारी योजनाएं हैं| जैसे, रास्ते, दर्शनीय स्थल और पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध है। साथ ही कोई भी विदेशी टूरिस्ट किसी भी तरह की जानकारी 1800-11-1363 या फिर सिर्फ 1363 टोल फ्री नंबर पर डायल कर दुनिया की 12 भाषाओं में से किसी एक में जानकारी हासिल कर सकता है।