लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के द्वारा किये गये अब तक के कार्यो की भरपूर प्रशंसा की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्र ने कहा कि योगी जी द्वारा जिन कार्यो का श्रीगणेश किया गया वह बेहद प्रशंसनीय तथा दूरगामी हैं। मुख्यमंत्री ने सुशासन, विकास तथा जनता के दुख दर्द पर ध्यान दिया है। एक सप्ताह के अन्दर सरकार के 5 साल का सन्देश चला गया है।
मिश्र ने कहा कि पहले दिन से अब तक मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुशासन का संदेश दिया है। चाहे पुलिस हो या प्रशासन या पीड़ित जनता सब पर मुख्यमंत्री का ध्यान गया है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास का खाका भविष्य का एहसास करा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मिशन से लेकर खाद्य सुरक्षा तक योगी सरकार ने नए आयाम तय करना शुरू कर दिया है। अपराधियों, घूसखोरों, दलालो, माफियाओं तथा गुण्डो को सरकार का स्पष्ट संदेश गया है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि एण्टी रोमियो स्कवायड तथा तथा अवैध बूचडखाने बंद करने के कार्य से प्रदेश की जनता ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य सराहनीय है। मान सरोवर यात्रा की सहायता राशि बढ़ाने के सरकार के निर्णय की चारो ओर प्रशंसा हो रही है। मिश्र ने कहा कि प्रदेश सपा बसपा के कुशासन से त्रस्त्र था। अब योगी सरकार में प्रदेश वासियों ने राहत की सांस ली है। इस सरकार में सुशासन का दौर होगा। अराजकता, मुण्डागर्दी तथा भ्रष्टाचार का अंत होगा तथा सुशासन का राज होगा।