इंदौर। केरल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की हत्या के विरोध में बुधवार को सुबह हाईकोर्ट के सामने धरना दिया गया। जन अधिकार समिति द्वारा आयोजित इस धरने में राष्ट्रवादी संगठन के लोग शामिल हुए। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता इस धरने में विशेष रूप से पहुंचे। केरल की वामपंथी सरकार के खिलाफ यहां आक्रोश व्यक्त किया गया।
जन अधिकार समिति के संयोजक मोहन गिरी ने बताया कि केरल में वामपंथियों की रक्त रंजित राजनीति के विरोध में पूरे देश में धरना दिया जा रहा है। इस धरने में राष्ट्रवादी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। हाईकोर्ट तिराहा पर सुबह धरना दिया गया। लगातार हो रही हत्याओं और हिंसा के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। धरने को लेकर भाजपा के नेता, कार्यकर्ता सक्रिय रहे। पूरे शहर में कार्यकर्ता जत्थे के रूप में पहुंचे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा, नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा, संघ के पराग अभ्यंकर सहित कई साधु संत, गणमान्य नागरिक, मंडल मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता इस धरने में शामिल हुए।